सराहां में सीबीएसई अंडर-19 खेल प्रतियोगिता का आगाज, 22 स्कूलों के 300 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
सराहां में 25 से 27 अगस्त तक चल रही सीबीएसई U-19 प्रतियोगिता में 22 स्कूलों के करीब 300 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन वॉलीबॉल, बैडमिंटन और कबड्डी के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अगले दौर में जगह बनाई।
खेल मैदान में जीत के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, वहीं अनुशासन और खेल भावना ने प्रतियोगिता को खास बनाया।
सराहां (सिरमौर)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सराहां में सीबीएसई लड़कों की U-19 प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 25 अगस्त से 27 अगस्त तक चलेगी, जिसमें विभिन्न स्कूलों से 300 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। वॉलीबॉल मुकाबले में धार टिक्करी की टीम ने सरसू को 2-1 से पराजित किया। वहीं सराहां की टीम ने गागल शिकोर को 2-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की और अगले दौर में प्रवेश किया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में सराहां की टीम ने नारग की टीम को 2-1 से हराकर जीत हासिल की। कबड्डी के मुकाबले में नारग की टीम ने कोटला बरोग को पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रणधीर ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का परिचय दिया। उन्होंने सभी विजेता टीमों और प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए सफलता की कामना की।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों में भी बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।
