23 से 25 सितंबर तक सराहां में सजेगा राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेला, शोभायात्रा-दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
नाहन, 25 अगस्त। सराहां में तीन दिन तक आस्था, संस्कृति और खेलों का संगम देखने को मिलेगा। 23 से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में भव्य शोभायात्रा, दंगल, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहेंगे।
राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेले के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को उपायुक्त एवं राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेला समिति की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेला 23 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक सराहां में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्री वामन भगवान की भव्य शोभायात्रा, खेल प्रतियोगिताएं, दंगल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे।
उन्होंने मेले के सफल और सुचारू आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने कानून एवं व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, परिवहन एवं बस सेवाओं, साफ-सफाई, अग्निशमन और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मेले में आने वाले लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उपायुक्त ने बताया कि मेले के दौरान उपमंडलाधिकारी पच्छाद को मेला अधिकारी तथा पुलिस उप अधीक्षक पच्छाद को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक का संचालन उपमंडलाधिकारी पच्छाद प्रियंका चंद्रा ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और मेला आयोजन से जुड़े अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
