मतरालियों में तेज बुखार के बाद 11 वर्षीय बच्चे की मौत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांच-छह दिन से तेज बुखार से जूझ रहे 11 वर्षीय बच्चे की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर फर्श पर गिर पड़ा। परिजन उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामला उपमंडल पांवटा साहिब के मतरालियों क्षेत्र का है। मृत बच्चे की पहचान मग्गन (11) पुत्र अजीज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अलीनगर, जिला श्रावस्ती, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। उसका परिवार मजदूरी के सिलसिले में पांवटा साहिब के मतरालियों में रह रहा था।
परिजनों के अनुसार, मग्गन को पिछले करीब पांच-छह दिनों से तेज बुखार था। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अचानक उसकी हालत बिगड़ी और वह बेहोश होकर फर्श पर गिर गया। इसके बाद परिजन उसे तत्काल सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले गए।
अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. पीयूष तिवारी के अनुसार, सोमवार सुबह एक बच्चे को अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया मौत का कारण तेज बुखार बताया जा रहा है।
हालांकि, बच्चे की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी 11 वर्षीय बच्चे की मौत पर दुख जताया है।
