जापान में बजेगा देवभूमि की बेटियों का डंका, एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक के लिए उतरेंगी हिमाचल की 4 कबड्डी खिलाड़ी
धर्मशाला (कांगड़ा)। जापान की धरती पर अब देवभूमि की चार बेटियां भारत का परचम लहराने उतरेंगी। रितु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम के लिए स्वर्ण पदक की चुनौती पेश करेंगी।
19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक होने वाले एशियन गेम्स के लिए हिमाचल प्रदेश की इन चार खिलाड़ियों का भारतीय महिला कबड्डी टीम में चयन हुआ है। चारों के चयन से प्रदेश के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
खास उपलब्धि यह है कि पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के धर्मशाला स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE) से जुड़ी हैं। एनसीओई धर्मशाला के इतिहास में पहली बार कबड्डी की तीन खिलाड़ी एक साथ एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल हुई हैं।
2023 में भी जीता था स्वर्ण पदक
एनसीओई धर्मशाला की पुष्पा राणा और ज्योति ठाकुर वर्ष 2023 में भी भारतीय टीम का हिस्सा रही थीं। उस समय भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। अब एक बार फिर दोनों खिलाड़ी देश के लिए पदक जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
हिमाचल की प्रमुख कबड्डी खिलाड़ियों में शामिल रितु नेगी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। पिछली बार वह भारतीय टीम की कप्तान की भूमिका में थीं। वहीं पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर ने घरेलू प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह मजबूत की है।
कोच पूजा ठाकुर ने बताया गर्व का क्षण
एनसीओई धर्मशाला की कबड्डी कोच और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पूजा ठाकुर ने चारों खिलाड़ियों के चयन को पूरे हिमाचल के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि पुष्पा, ज्योति और भावना ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि एक ही केंद्र से तीन खिलाड़ियों का एक साथ एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में चयन होना एनसीओई धर्मशाला की प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। उन्हें उम्मीद है कि चारों खिलाड़ी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और हिमाचल का नाम रोशन करेंगी।
भावना के चयन से पंडोह में खुशी की लहर
मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र के पिपलागलू गांव की भावना ठाकुर के भारतीय महिला कबड्डी टीम में चयन से क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। भावना ने गुजरात में चल रहे इंडिया कैंप में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया और 30 खिलाड़ियों में से 12 सदस्यीय भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल रहीं।
भावना के चयन पर जिला कबड्डी संघ के प्रधान श्याम लाल ठाकुर और महासचिव नेत्र सिंह ठाकुर सहित क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि भावना एशियन गेम्स में अपने दमदार खेल से देश के लिए पदक जीतने में अहम भूमिका निभाएंगी।
हिमाचल की इन चार खिलाड़ियों के चयन ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रदेश में महिला कबड्डी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। अब निगाहें एशियन गेम्स पर हैं, जहां देवभूमि की ये चार बेटियां भारत के लिए स्वर्ण पदक की जंग लड़ेंगी।
