सिरमौर में जमीन फर्जीवाड़े से लंपी और चोरी तक गरजे बिंदल, बोले- समाधान नहीं हुआ तो होगा जन आंदोलन
नाहन (सिरमौर)। जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े, भारी वाहनों की आवाजाही, लंपी रोग और बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बिंदल ने साफ चेतावनी दी कि यदि जनहित के इन मुद्दों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरेगी।
सोमवार को नाहन में पत्रकारवार्ता के दौरान डॉ. राजीव बिंदल ने सिरमौर समेत प्रदेश के सीमावर्ती जिलों से जुड़े कई मुद्दे उठाए। उन्होंने सरकार से इन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी पर उठाए सवाल
बिंदल ने सिरमौर और सोलन समेत सीमावर्ती जिलों में जमीन से संबंधित कथित फर्जीवाड़े का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि यदि जमीन का मालिक, खरीदार और विक्रेता हिमाचल से बाहर के हैं और संबंधित जमीन भी हिमाचल में नहीं है, तो उसकी पावर ऑफ अटॉर्नी हिमाचल प्रदेश में क्यों तैयार की जा रही है।
उन्होंने सरकार से पूरे मामले की जांच करवाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कथित फर्जीवाड़े के पीछे सक्रिय लोगों और उन्हें संभावित संरक्षण देने वालों की भूमिका भी सार्वजनिक करने की मांग उठाई।
पांवटा-कालाअंब मार्ग पर बड़े टिप्परों और ट्रालों पर सवाल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने पांवटा साहिब से कालाअंब के बीच बड़े टिप्परों और ट्रालों की आवाजाही को लेकर भी प्रशासन पर सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि ओवरलोड और लंबे ट्रालों के कारण कई बार सड़क पर घंटों जाम लग जाता है।
उन्होंने दावा किया कि जाम में एंबुलेंस तक फंस जाती हैं, जिससे मरीजों को परेशानी होती है। बिंदल ने प्रशासन से इन वाहनों की परमिशन, टैक्स और दस्तावेजों की जांच करवाने तथा बिना नंबर चल रहे वाहनों पर कार्रवाई करने की मांग की।
लंपी रोग से पशुपालकों की चिंता बढ़ी
लंपी रोग को लेकर बिंदल ने सरकार की तैयारियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 50 से अधिक पशुओं की मौत की जानकारी सामने आई है, जिससे पशुपालकों और किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
उन्होंने पशु चिकित्सालयों में दवाइयों की कथित कमी का मुद्दा उठाते हुए प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध करवाने और पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने की मांग की।
चोरी की घटनाओं पर भी सरकार को घेरा
नाहन क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए बिंदल ने कहा कि लगातार सामने आ रही वारदातों से लोगों में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से कानून व्यवस्था को मजबूत करने तथा चोरी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
बिंदल ने कहा कि जमीन, यातायात, पशु स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था से जुड़े ये मुद्दे सीधे आम जनता के जीवन से जुड़े हैं। सरकार को इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा जनता के साथ मिलकर जन आंदोलन करेगी और सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आवाज उठाएगी।
