हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने बढ़ाया पंजीकरण शुल्क, अब 200 रुपये देने होंगे; लेट फीस भी 5 गुना हुई
धर्मशाला (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में 9वीं और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए बोर्ड पंजीकरण अब पहले से काफी महंगा हो गया है। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पंजीकरण शुल्क सीधे चार गुना बढ़ाकर 50 रुपये से 200 रुपये कर दिया है, जबकि देरी से पंजीकरण कराने पर 500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पंजीकरण शुल्क में संशोधन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। नए नियमों के तहत 9वीं और 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब 200 रुपये पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा। पहले यह शुल्क 50 रुपये था।
15 अक्टूबर तक जमा करना होगा शुल्क
बोर्ड के नए नियम के अनुसार विद्यार्थियों को 15 अक्टूबर तक 200 रुपये पंजीकरण शुल्क के रूप में जमा करवाना होगा। इसके बाद 15 नवंबर तक पंजीकरण करवाने पर विद्यार्थियों से 500 रुपये लेट फीस ली जाएगी। 15 नवंबर के बाद बोर्ड अध्यक्ष की पूर्व अनुमति के बिना पंजीकरण आवेदन या शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।
9वीं और 11वीं का पंजीकरण रहेगा मान्य
संशोधित नियमों के अनुसार 9वीं कक्षा में किया गया पंजीकरण विद्यार्थी के मैट्रिक परीक्षा पूरी करने या पास करने तक वैध रहेगा। वहीं, 11वीं कक्षा का पंजीकरण 12वीं कक्षा की परीक्षा पूरी करने या पास करने तक मान्य रहेगा।
दूसरे बोर्ड से आने वाले विद्यार्थियों के लिए भी नया पंजीकरण
अन्य शिक्षा बोर्डों से हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड में माइग्रेट होकर सीधे 10वीं या 12वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को भी बोर्ड के साथ नए सिरे से पंजीकरण करवाना होगा। ऐसे विद्यार्थियों को बोर्ड के रिकॉर्ड में नए विद्यार्थी के तौर पर पंजीकृत किया जाएगा।
बोर्ड ने परीक्षा विनियम-1994 के अध्याय 18 के नियम 18.1 में संशोधन करते हुए यह शुल्क वृद्धि लागू की है। शुल्क में इस बढ़ोतरी से प्रदेशभर के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।
