माजरा में संदिग्ध मृत्यु मामले में IIM सिरमौर के अधिकारियों पर आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस
सिरमौर में IIM सिरमौर से जुड़े प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मृत्यु के मामले ने अब पुलिस जांच का रूप ले लिया है। परिजनों की शिकायत पर माजरा पुलिस ने संस्थान के अधिकारियों/प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोपों को लेकर मामला दर्ज किया है।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना माजरा में शनिवार को अनुपम शुक्ला पुत्र स्वर्गीय शशि भूषण शुक्ला, निवासी 206 NR2, IIIT कैंपस, जबलपुर, मध्य प्रदेश की शिकायत पर प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मृत्यु के संबंध में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
शिकायतकर्ता ने अपने शिकायत पत्र में IIM सिरमौर के अधिकारियों/प्रशासन पर कथित लापरवाही, घटना की जानकारी छिपाने, पर्याप्त निगरानी नहीं रखने तथा बुलिंग और मानसिक उत्पीड़न से संबंधित आरोप लगाए हैं।
शिकायत में लगाए गए इन आरोपों के आधार पर पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
