Table of Contents
शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को मिल रही गति – हर्षवर्धन चौहान
बिंदला दिगवा में जनसमस्याएं सुनने पहुंचे उद्योग मंत्री, विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं
लिंक रोड बिंडला को मंजूरी, दिगवा स्कूल में बनेंगे दो अतिरिक्त कमरे; पंजाह सामुदायिक भवन के लिए 3 लाख रुपये की घोषणा
नाहन (सिरमौर)। शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर सरकार का विशेष जोर है। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने रविवार को ग्राम पंचायत बिंडला दिगवा के गांव पंजाह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं और लोगों की समस्याएं सुनीं।
प्रवास कार्यक्रम के दौरान आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि पूर्व विधायक मंसूरी जोत सिंह गुनसोला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पंचायत प्रतिनिधियों को दी जिम्मेदारी निभाने की नसीहत
हर्षवर्धन चौहान ने पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने विश्वास जताकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, इसलिए प्रतिनिधियों को पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपनी पंचायतों के विकास के लिए कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिलाई की जनता ने उन्हें छह बार विधायक बनाया है और इस बार विधायक बनने के बाद उन्हें प्रदेश सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली है। ऐसे में शिलाई विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी नैतिक जिम्मेदारी है।
टिंबी जॉन में कई विकास कार्य पूरे
उद्योग मंत्री ने कहा कि टिंबी जॉन भी विकास से अछूता नहीं रहा है। उनके वर्तमान कार्यकाल में कोऑपरेटिव बैंक की शाखा, जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह का निर्माण, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बकरास में 50 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कमरों का निर्माण, बमराड में 25 लाख रुपये की लागत से पुल तथा 50 लाख रुपये की लागत से खलेंटी सड़क का निर्माण करवाया गया है।
इसके अलावा कोटापाब में पीएचसी का निर्माण, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिंबी में 10 लाख रुपये की लागत से कंप्यूटर लैब और 10 लाख रुपये की लागत से साइंस लैब, अतिरिक्त कमरों के निर्माण तथा 10 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान के जीर्णोद्धार जैसे कार्य भी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई कार्य भी प्रगति पर हैं।
पंजाह और दिगवा के लिए कई घोषणाएं
हर्षवर्धन चौहान ने सामुदायिक भवन पंजाह के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही लिंक रोड बिंडला को मंजूरी देने तथा राजकीय उच्च विद्यालय दिगवा में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारी को लिंक रोड दिगवा से खलेंटी का पुनः टेंडर करवाकर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए।
मौके पर सुनीं लोगों की समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने सामूहिक और व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ विभिन्न विकासात्मक मांगें उद्योग मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े उचित कार्यों और विकासात्मक मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, ओएसडी अत्तर राणा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम् प्रकाश, ई.आई. उद्योग काका राम शर्मा, महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी रविन्द्र राणा, उपाध्यक्ष मंडल यूथ कांग्रेस नेत्र सिंह, पूर्व पार्षद मंसूरी रमेश भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
