पांवटा साहिब (सिरमौर)। जम्बूखाला में नहाने गए पांच बच्चों के लिए रविवार का दिन काल बन गया। गहरे पानी में एक बच्चे को डूबता देख उसे बचाने उतरे दूसरे बच्चे की भी जान चली गई, जबकि तीन बच्चों को पुलिस और स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस थाना पुरुवाला के तहत जम्बूखाला के पास यह दर्दनाक हादसा रविवार को हुआ। जानकारी के अनुसार पांच बच्चे जम्बूखाला में नहाने के लिए गए थे। नहाते समय अचानक एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा बच्चा भी गहरे पानी में चला गया और दोनों डूब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुरुवाला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रोहित, सिद्धार्थ और अंकुर को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके परिजनों के हवाले कर दिया।
वहीं, लापता बच्चों की तलाश के लिए पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद ली। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव जम्बूखाला से बरामद कर लिये गये। हादसे में जान गंवाने वाले दूसरे बच्चे की भी पहचान कर ली गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SDPO पांवटा साहिब भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को आगामी कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दोनों मृत बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भेजे गए हैं। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
