संगड़ाह में पर्यावरण संरक्षण की नई पहल, वसुंधरा संरक्षण समिति गठित; अवैध खनन के खिलाफ जन आंदोलन की चेतावनी
अवैध खनन पर रोक नहीं लगी तो सड़कों पर उतरेंगे लोग—संगड़ाह में पर्यावरण संरक्षण को लेकर बैठक में लिया गया बड़ा फैसला।
जंगलों, प्राकृतिक जलस्रोतों और प्राकृतिक संपदा की रक्षा के लिए गठित हुई वसुंधरा संरक्षण समिति, जरूरत पड़ी तो एनजीटी का दरवाजा खटखटाने का निर्णय।
संगड़ाह (सिरमौर)। उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में रविवार को पर्यावरण संरक्षण और वनों की सुरक्षा को लेकर क्षेत्रवासियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र में बढ़ रही पर्यावरणीय समस्याओं पर चर्चा करते हुए प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का निर्णय लिया गया। इसी उद्देश्य से वसुंधरा संरक्षण समिति का गठन भी किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से रणजीत चौहान को अध्यक्ष, रणदीप शर्मा को उपाध्यक्ष, सुरेंद्र सिंह कंठ को महासचिव, कपिल ठाकुर व संजय कुमार को सचिव तथा चेतन शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं योगेंद्र और संजय चौहान को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सलाहकार समिति में रामलाल शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, परेश कुमार, लायक राम और अनिल ठाकुर को शामिल किया गया।
बैठक में मौजूद लोगों ने जंगलों, प्राकृतिक जलस्रोतों और अन्य प्राकृतिक संसाधनों को बचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि विकास के नाम पर प्राकृतिक संपदा के साथ छेड़छाड़ भविष्य में गंभीर पर्यावरणीय संकट को जन्म दे सकती है। ऐसे में वनों की कटाई पर नियंत्रण, जलस्रोतों का संरक्षण और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी रोक जरूरी है।
अवैध खनन के खिलाफ सड़कों पर उतरने की चेतावनी
समिति ने क्षेत्र में कथित अवैध खनन को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि यदि अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासियों को लामबंद किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर जन आंदोलन शुरू कर सड़कों पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पर्यावरण से जुड़े गंभीर मामलों को आवश्यकता पड़ने पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के समक्ष उठाया जाएगा। समिति क्षेत्र के लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाएगी।
बैठक में कपिल मोहन ठाकुर, जयपाल चौहान, रामलाल शर्मा, पंकज शर्मा, विजेंद्र शर्मा प्रधान ग्राम पंचायत भुटली मानल, जगदीश भारद्वाज और विजय आजाद सहित क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे।
