Home राज्यहिमाचल प्रदेश सिरमौर: बद्दी, परवाणू और कालाअंब में शुरू होंगे रोजगार ब्यूरो, उद्योगों को मिलेंगे योग्य कर्मचारी

सिरमौर: बद्दी, परवाणू और कालाअंब में शुरू होंगे रोजगार ब्यूरो, उद्योगों को मिलेंगे योग्य कर्मचारी

by Dainik Janvarta
0 comment

नाहन/कालाअंब (सिरमौर)। उद्योगों को योग्य कर्मचारी और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में लघु उद्योग भारती हिमाचल प्रदेश ने बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। बद्दी, परवाणू और कालाअंब समेत प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में अब रोजगार ब्यूरो शुरू किए जाएंगे, जहां उद्योगों की जरूरत के मुताबिक योग्य कर्मचारियों को उपलब्ध कराने का प्रयास होगा।

लघु उद्योग भारती हिमाचल प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक होटल नटराज में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन, प्रदेश महामंत्री अश्वनी गर्ग, कोषाध्यक्ष अजय सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी से नवीन, बीबीएन इकाई के अध्यक्ष हेमंत कौशल सहित प्रदेश की विभिन्न इकाइयों के अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया।

लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई के अध्यक्ष एवं युवा उद्योगपति अखिल महेश्वरी ने प्रदेश पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। उनके आग्रह पर जिला सिरमौर के नवनियुक्त एएसपी नरेंद्र सिंह भी बैठक में पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एएसपी नरेंद्र सिंह को नया पदभार संभालने पर शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया। संगठन की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया गया।

कार्यकारिणी का विस्तार, नए पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

बैठक के दौरान लघु उद्योग भारती हिमाचल प्रदेश की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

रितेश अग्रवाल को महासचिव, विक्रम चिकारा को उपाध्यक्ष, जबकि विकास जटियान, सचिन सोलंकी, अंकुश क्लारे और अभिनव गर्ग को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई। वहीं अमन दुग्गल को संयुक्त सचिव एवं मीडिया सलाहकार नियुक्त किया गया।

संगठन ने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त पदाधिकारी अपने अनुभव, कार्यकुशलता और संगठन के प्रति समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। कार्यकारिणी के विस्तार से संगठन को और मजबूत एवं सक्रिय बनाने तथा उद्यमियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी।

उद्योगों और युवाओं के लिए रोजगार ब्यूरो

प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने बताया कि बैठक में उद्योगों और युवाओं के हित में रोजगार ब्यूरो शुरू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। बद्दी, परवाणू और कालाअंब सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में लघु उद्योग भारती के बैनर तले ये रोजगार ब्यूरो शुरू किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इन ब्यूरो के माध्यम से उद्योगों की जरूरत के अनुसार योग्य एवं सक्षम कर्मचारियों को उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं के साथ-साथ बाहर से आने वाले विद्यार्थियों और श्रमिकों को भी रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

अखिल मोहन ने कहा कि कई बार उद्योगों को अपनी आवश्यकता और क्षमता के अनुरूप कर्मचारी उपलब्ध नहीं हो पाते हैं। रोजगार ब्यूरो इस समस्या को दूर करने में मदद करेगा। एक ओर उद्योगों को जरूरत के मुताबिक योग्य कर्मचारी मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कालाअंब इकाई की ओर से प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बेहतर आयोजन के लिए अध्यक्ष अखिल महेश्वरी की सराहना की।

कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क और इंटर स्टेट बैरियर का मुद्दा उठा

बैठक में कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कालाअंब इकाई के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह मामला लंबे समय से लंबित है और इसे लेकर प्रक्रिया जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द सड़क की समस्या का समाधान होगा, जिससे उद्योगों और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।

उन्होंने हिमाचल-हरियाणा सीमा पर कालाअंब स्थित इंटर स्टेट बैरियर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश में प्रवेश का महत्वपूर्ण बिंदु है और इससे औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

अखिल महेश्वरी ने बताया कि इस मामले को लेकर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा और एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान की ओर से भी प्रयास किए जा रहे हैं। मामला आगे बढ़ चुका है और जल्द सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।

बैठक में उद्योगों से जुड़ी अन्य समस्याओं, संगठन के विस्तार तथा उद्यमियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। लघु उद्योग भारती हिमाचल प्रदेश ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व और सहयोग से संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश के औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाता रहेगा।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.