राजगढ़ में ब्रेक फेल होने से HRTC बस पलटी, पेड़ों में अटककर रुकी; चालक घायल, टला बड़ा हादसा
राजगढ़ (सिरमौर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस के साथ राजगढ़ में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ब्रेक न लगने के कारण बस धीरे-धीरे पीछे की ओर लुढ़क गई और एक पलटा खाने के बाद छोटे पेड़ों में अटककर रुक गई।
जानकारी के अनुसार HRTC की एक बस खराब होने के कारण उसे ठीक करने के लिए मैकेनिक को बुलाया गया था। बस की मरम्मत के बाद शनिवार शाम करीब पांच बजे उसे स्टार्ट करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान बस के ब्रेक नहीं लगे और वह पीछे की ओर धीरे-धीरे गिरने लगी।
हादसे के समय बस में केवल चालक सवार था। बस के पीछे की ओर गिरने के दौरान चालक को हल्की चोटें आईं। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ ले जाया गया, जहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
बस की रफ्तार कम होने के कारण वह एक पलटा खाने के बाद छोटे-छोटे पेड़ों में फंसकर रुक गई। इससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि बस तेज गति से पीछे की ओर गिरती तो पेड़ों को तोड़ते हुए काफी नीचे जा सकती थी, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
फिलहाल चालक की हालत सामान्य बताई जा रही है। हादसे के बाद बस को सुरक्षित निकालने और घटना के कारणों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
