परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 22 खनन ट्रालों के चालान, 8 लाख का जुर्माना
नाहन (सिरमौर)। हाईवे पर खनन ट्रालों की मनमानी और जाम की बढ़ती समस्या के बीच अब परिवहन विभाग ने भी सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह हुई कार्रवाई में 22 ट्रालों पर करीब आठ लाख रुपये का जुर्माना ठोका गया, जिससे नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।
नाहन में परिवहन विभाग की टीम ने नियमों को दरकिनार कर खनन सामग्री ढो रहे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। जांच के दौरान ओवरलोडिंग, बिना परमिट खनन सामग्री ले जाने और हाईवे किनारे नियमों के विपरीत वाहन खड़े करने सहित विभिन्न अनियमितताएं सामने आईं। इन उल्लंघनों पर विभाग ने 22 ट्रालों के चालान किए और करीब आठ लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
आरटीओ नाहन सोना चंदेल ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले खनन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग समेत यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी चल चुका है अभियान
खनन सामग्री से लदे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग पहले भी कार्रवाई कर चुका है। जनवरी 2026 में पांवटा साहिब से कालाअंब तक चलाए गए अभियान के दौरान विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के 12 लाख रुपये से अधिक के चालान किए थे।
हाईवे पर भारी खनन ट्रालों की आवाजाही और इनके कारण लगने वाले जाम को देखते हुए परिवहन विभाग की ताजा कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।
