सड़क हादसा: जोगिंद्रनगर में खेत में गिरी थार, आठ प्रशिक्षु चिकित्सक घायल
मंडी। जोगिंद्रनगर में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने आठ प्रशिक्षु चिकित्सकों को घायल कर दिया। मंडी-पठानकोट हाईवे पर लक्ष्मी बाजार के पास तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी, जिससे वाहन में सवार सभी आठ लोग घायल हो गए।
हादसा रात करीब तीन बजे के बाद हुआ। बताया जा रहा है कि आयुर्वेदिक अस्पताल पपरोला के प्रशिक्षु चिकित्सक किसी काम से जोगिंद्रनगर आए हुए थे। इसी दौरान लक्ष्मी बाजार के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खेतों में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल जोगिंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को पालमपुर के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जबकि पांच को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायलों में पांच को गंभीर चोटें आने की जानकारी है।
घायलों की पहचान रोहित (25) निवासी पजारठी, पांगणा, अंकिता धीमान (25) निवासी लंबागांव, जयसिंहपुर, निकिता (23) निवासी बडूआ, शिमला, सुनीता सेपट (25) निवासी कर्णसर, जयपुर, अकन्या (23) निवासी अंब, ऊना, धर्मेंद्र कुमार (24) निवासी कांडा, करसोग, शुभम (23) निवासी पंजयाला, बैजनाथ और एक अन्य प्रशिक्षु चिकित्सक के रूप में हुई है।
हादसे में घायल प्रशिक्षु चिकित्सक मंडी, कांगड़ा, शिमला, ऊना और जयपुर क्षेत्रों से संबंधित बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद जोगिंद्रनगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
