Sirmaur News: खनन ट्रालों के फंसने से NH-07 पर 3 घंटे थमा ट्रैफिक, गर्मी में परेशान रहे सैकड़ों लोग
नाहन (सिरमौर)। NH-07 पर खनन सामग्री से लदे दो भारी ट्राले क्या फंसे, तीन घंटे तक पूरा हाईवे जाम हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चिलचिलाती गर्मी में सैकड़ों वाहन चालक और राहगीर जाम में फंसे रहे, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रालों को हटवाया और यातायात बहाल कराया।
चंडीगढ़-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर नाहन-मारकंडा के समीप शुक्रवार को खनन सामग्री से लदे दो बड़े ट्राले फंस गए। दोनों वाहनों के हाईवे पर रुकने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन घंटे तक वाहन रेंगते रहे।
स्थानीय लोगों सोहन, सतपाल, रविंद्र, मोहित और विशाल ने बताया कि कालाअंब से पांवटा साहिब तक एनएच-07 पर दिन-रात खनन सामग्री से लदे भारी वाहन दौड़ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कई वाहन ओवरलोड होकर तेज रफ्तार से चलते हैं और यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कभी भारी ट्राला बीच हाईवे पर खराब होकर फंस जाता है तो कभी दुर्घटना के कारण यातायात घंटों प्रभावित रहता है। कार्रवाई के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। लोगों ने ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर सख्ती करने, नियमित जांच बढ़ाने तथा व्यस्त समय में भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग की है।
लोगों ने पांवटा साहिब से कालाअंब तक एनएच चौड़ीकरण का काम भी जल्द पूरा करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि सड़क की क्षमता बढ़ने और भारी वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने से जाम की समस्या में कमी आ सकती है।
8 अगस्त को भी छह घंटे बाधित रहा था हाईवे
इससे पहले 8 अगस्त को नाहन-खजूरना पुल के समीप खनन सामग्री से लदा एक ओवरलोड ट्राला फंस गया था। इसके कारण चंडीगढ़-देहरादून एनएच करीब छह घंटे तक बाधित रहा था। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के साथ ट्राले का चालान भी किया था। पुलिस और परिवहन विभाग की कार्रवाई में ट्राले पर करीब 64 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
ओवरलोडिंग मिली तो होगी कार्रवाई : एसपी
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि खनन सामग्री से लदे ट्रालों के कारण एनएच जाम होने की सूचना मिलने के बाद नाहन पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में ओवरलोडिंग पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और मामला भी दर्ज हो सकता है। करीब तीन घंटे बाद एनएच पर यातायात बहाल कर दिया गया।
