Sirmaur News: चार माह से मानदेय का इंतजार, सिरमौर के 400 गृहरक्षकों की बढ़ी परेशानी
चार महीने तक ड्यूटी निभाने के बाद भी सिरमौर के करीब 400 गृहरक्षकों को उनका मानदेय नहीं मिल पाया है। मई 2026 में पंचायती राज चुनाव के दौरान पोलिंग पार्टियों और पुलिस जवानों के साथ तैनात रहे इन गृहरक्षकों का भुगतान अब तक लंबित है, जिससे उनके सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो गई हैं।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिले के करीब 400 गृहरक्षक पिछले चार माह से मानदेय मिलने का इंतजार कर रहे हैं। गृहरक्षकों का कहना है कि चुनाव ड्यूटी के दौरान उन्होंने जिम्मेदारी से अपनी सेवाएं दीं, लेकिन इसके बावजूद अभी तक भुगतान नहीं हुआ है।
होमगार्ड जिला सिरमौर इकाई के अनुसार मई 2026 में पंचायती राज चुनाव के दौरान करीब 400 गृहरक्षकों को पोलिंग पार्टियों और पुलिस जवानों के साथ ड्यूटी पर तैनात किया गया था। आरोप है कि प्रदेश के अन्य जिलों में चुनाव ड्यूटी का मानदेय जारी हो चुका है, जबकि सिरमौर के गृहरक्षक अभी भी भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
गृहरक्षक कुलदीप ठाकुर, अमन ठाकुर, यशपाल ठाकुर, चमन, नरेश, रोशन लाल, राधा देवी सहित अन्य ने बताया कि चार माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि ड्यूटी पूरी करने के बाद समय पर भुगतान मिलना उनका अधिकार है।
होमगार्ड जिला सिरमौर इकाई के अध्यक्ष सोमदत्त ठाकुर ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में करीब 400 गृहरक्षकों को तैनात किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य जिलों के गृहरक्षकों को मानदेय मिल चुका है, लेकिन सिरमौर के जवानों का भुगतान अभी तक लंबित है।
इस मामले को लेकर एसपी कार्यालय नाहन में भी कई बार जानकारी ली गई। वहां से बजट उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है। एसपी कार्यालय की ओर से बताया गया कि डीसी कार्यालय नाहन को रिमाइंडर भेजा गया है। बजट प्राप्त होते ही गृहरक्षकों का लंबित मानदेय जारी कर दिया जाएगा।
गृहरक्षकों ने प्रशासन से मांग की है कि लंबित बजट जल्द उपलब्ध करवाकर उनका मानदेय जारी किया जाए, ताकि चार माह से चल रही उनकी परेशानी समाप्त हो सके।
