हत्याकांड के बाद प्रशासन की खुली नींद, पार्किंग के खुले रास्तों पर लगेगा ताला; सुरक्षा व्यवस्था होगी कड़ी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिस पार्किंग स्थल के खुले रास्ते लंबे समय से असामाजिक तत्वों के लिए आसान पहुंच बने हुए थे, अब वहां हर रास्ता बंद किया जाएगा। भाव सिंह हत्याकांड के बाद उठे सुरक्षा सवालों ने प्रशासन और नगर परिषद को हरकत में ला दिया है।
विश्वकर्मा मंदिर के समीप करीब एक करोड़ रुपये की लागत से तैयार पार्किंग स्थल में अब सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी है। पार्किंग परिसर के चारों तरफ रेलिंग लगाई जाएगी, बेसमेंट के खुले पड़े प्रवेश द्वार बंद किए जाएंगे और वाहनों की आवाजाही के लिए केवल एक गेट रखने की व्यवस्था की जा रही है।
एनएच-07 से सटे विश्वकर्मा चौक के पास बनी इस पार्किंग का अभी विधिवत शुभारंभ नहीं हुआ है। बेसमेंट में जाने के लिए दो बड़े गेट और छत से नीचे जाने का रास्ता खुला होने के कारण यह स्थान धीरे-धीरे नशा करने वालों, जुआरियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा था। सुनसान परिसर और खुले रास्तों को लेकर स्थानीय लोगों ने भी कई बार चिंता जताई थी।
भाव सिंह हत्याकांड के बाद पार्किंग स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे तो प्रशासन और नगर परिषद ने मौके की स्थिति का जायजा लिया। अब पार्किंग के चारों ओर रेलिंग लगाने के साथ खुले रास्तों को बंद करने का फैसला लिया गया है। बेसमेंट के दोनों प्रवेश द्वार बंद किए जाएंगे और वाहनों के लिए एक ही प्रवेश-निकास गेट रखने की तैयारी है।
मौके का निरीक्षण नगर परिषद के ईओ का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष निर्मल कौर, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मिक्का और बारू राम शर्मा ने किया। निरीक्षण के दौरान पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अधूरे फिनिशिंग कार्य को पूरा करवाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर भी निर्णय लिया गया।
करीब एक करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पार्किंग योजना लंबे समय से उद्घाटन का इंतजार कर रही है। एसडीएम द्विज गोयल और नगर परिषद अध्यक्ष निर्मल कौर ने कहा कि पार्किंग स्थल में सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़ी जो भी कमियां हैं, उन्हें जल्द दूर किया जाएगा। साथ ही पार्किंग के विधिवत शुभारंभ की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नए सुरक्षा इंतजाम लागू होने के बाद पार्किंग परिसर में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगेगी और इसका उपयोग आम लोगों व वाहन चालकों के लिए सुरक्षित तरीके से किया जा सकेगा।
