संगड़ाह के समीप युवक का संदिग्ध शव मिलने से हड़कंप, 19 अगस्त से था लापता
संगड़ाह (सिरमौर)। 19 अगस्त से लापता युवक का शव शुक्रवार को संगड़ाह के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हेलिपैड से नीचे सर्च ऑपरेशन के दौरान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के समीप शव बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मौके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान शुभम उर्फ हनी के रूप में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार युवक के लापता होने की शिकायत उसकी माता ने 20 अगस्त को पुलिस थाना संगड़ाह में दर्ज करवाई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस ने नवयुवक मंडल जावगा के लायक राम सहित स्थानीय युवाओं के सहयोग से सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाश के दौरान हेलिपैड संगड़ाह से नीचे की ओर टीम ने खोजबीन शुरू की। काफी नीचे जाने के बाद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के समीप युवक संदिग्ध अवस्था में मृत मिला।
शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। जिस स्थान पर शव मिला है, वहां किसी भी व्यक्ति को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी गश्त बढ़ा दी है।
बताया जा रहा है कि जुन्गा से एफएसएल टीम के पहुंचने के बाद शव को मौके से निकाला जाएगा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष अगस्त में भी लुधियाना पंचायत के कड़ियाना गांव का एक युवक लापता हुआ था, जिसका शव कई महीनों बाद देवढाल के जंगल में मिला था। इस पुरानी घटना के चलते मौजूदा मामले को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
