14 साल से फरार उद्घोषित अपराधी विकासनगर से गिरफ्तार, सिरमौर पुलिस की PO Cell टीम को बड़ी सफलता
पांवटा साहिब (सिरमौर)। 14 साल से पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को आखिरकार सिरमौर पुलिस ने दबोच लिया। PO Cell टीम ने उत्तराखंड के विकासनगर से आरोपी को गिरफ्तार कर पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
जिला सिरमौर पुलिस की PO Cell टीम ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में दर्ज अभियोग संख्या 352/2012, धारा 457 और 380 भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत वांछित उद्घोषित अपराधी विजय कुमार उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी विजय कुमार उर्फ विक्की पुत्र शावणू राम, निवासी पुरुवाला, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश, पिछले करीब 14 वर्षों से फरार चल रहा था। आरोपी को पुलिस टीम ने विकासनगर, उत्तराखंड से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सिरमौर पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को मजबूती मिली है।
