शिमला। शिमला में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ने शुक्रवार को हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हुईं और कई स्कूलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कहीं अभिभावकों को उन्हें घर ले जाने का संदेश भेजा गया तो कहीं विद्यार्थियों को स्कूल परिसर से बाहर निकालकर ग्राउंड में ले जाया गया।
शिमला शहर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने एहतियातन स्कूल परिसरों की गहन जांच की। सूचना सामने आते ही पुलिस टीमों ने संबंधित स्कूलों में पहुंचकर सर्च अभियान चलाया और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया।
जांच के दौरान कई स्कूलों में विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। कुछ स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को वापस ले जाने के लिए कहा। वहीं, कुछ स्कूलों में बच्चों को स्कूल भवन से बाहर निकालकर ग्राउंड में रखा गया और इसके बाद पुलिस टीमों ने परिसर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली।
राहत की बात यह रही कि सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बावजूद धमकी की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी प्रक्रिया को एहतियात के तौर पर अंजाम दिया।
गौरतलब है कि शिमला में इससे पहले भी स्कूलों और कुछ सरकारी संस्थानों को ईमेल के माध्यम से बम धमाके की धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे मामलों में पुलिस और जांच एजेंसियां तुरंत सक्रिय होकर संबंधित परिसरों की जांच करती हैं।
बार-बार इस तरह की धमकियां सामने आने से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और धमकी के स्रोत का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
