सिरमौर: अजय सोलंकी का भाजपा पर हमला, बोले- पांच गुटों में बंटी पार्टी; नाहन के कामगारों को 1.11 करोड़ की राहत
नाहन (सिरमौर)। एक तरफ भाजपा के प्रदेशभर में जारी प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने तीखा हमला बोला है, तो दूसरी ओर उन्होंने नाहन विधानसभा क्षेत्र के कामगारों के लिए बड़ी आर्थिक उपलब्धि का दावा किया है। सोलंकी ने भाजपा को पांच गुटों में बंटी पार्टी बताते हुए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को पहले अपना संगठन संभालने की सलाह दी।
नाहन में पत्रकारवार्ता के दौरान विधायक अजय सोलंकी ने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशभर में चल रहे प्रदर्शनों को राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए सरकार का विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन विरोध तथ्यों और ठोस मुद्दों के आधार पर होना चाहिए। सोलंकी ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तर्कहीन विरोध के जरिए राजनीतिक लाभ और लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि हिमाचल भाजपा इस समय पांच अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है। ऐसे में डॉ. राजीव बिंदल को सरकार पर सवाल उठाने से पहले अपने संगठन के भीतर एकजुटता कायम करने पर ध्यान देना चाहिए। सोलंकी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री की ओर से किए जा रहे कई कार्यों का श्रेय भाजपा लेने का प्रयास कर रही है।
विधायक ने पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उसके अंतिम दौर में बिना पर्याप्त बजट और जरूरी सुविधाओं के कई संस्थान खोल दिए गए थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एक ओर केंद्र सरकार के कथित सौतेले व्यवहार का सामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पिछली सरकार से विरासत में मिली प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्थाओं को सुधारने का काम भी कर रहे हैं।
नाहन के कामगारों को 1.11 करोड़ की सहायता
पत्रकारवार्ता में सोलंकी ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के कामगारों को मिली आर्थिक सहायता को भी बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि श्रमिक कल्याण बोर्ड में बड़े पैमाने पर कामगारों के पंजीकरण का लाभ अब क्षेत्र के पात्र परिवारों को मिल रहा है।
सोलंकी के अनुसार, कामगारों और उनके आश्रितों के खातों में 1.11 करोड़ रुपये की सहायता राशि जमा की गई है, जिससे नाहन विधानसभा क्षेत्र कामगारों को राहत राशि उपलब्ध करवाने के मामले में प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले भी कामगारों और उनके आश्रितों के खातों में 22 लाख रुपये की सहायता राशि जमा करवाई गई थी। अब दोबारा 1.11 करोड़ रुपये की राशि जारी होने से बड़ी संख्या में परिवारों को आर्थिक राहत मिली है।
विधायक ने कहा कि श्रमिक कल्याण बोर्ड में पात्र कामगारों का पंजीकरण करवाना बेहद जरूरी है, क्योंकि इसके माध्यम से शिक्षा, विवाह, आवास, चिकित्सा और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र कामगारों को बोर्ड से जोड़ने के प्रयास जारी हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच सके।
