माजरा के आरक्षित वन क्षेत्र में खैर की अवैध कटाई, 3 पेड़ काटे; ₹2.91 लाख की लकड़ी बरामद
पांवटा साहिब (सिरमौर)। माजरा क्षेत्र में रात के अंधेरे में खैर की लकड़ी की तस्करी का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने तड़के करीब 3:30 बजे आरक्षित वन क्षेत्र Banswali C-12 में दबिश देकर अवैध कटाई और लकड़ी की ढुलाई करते कुछ लोगों को पकड़ा, जबकि एक पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
माजरा पुलिस के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी माजरा रेंज सचिन शर्मा ने 19 अगस्त 2026 को पुलिस थाना माजरा में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के मुताबिक वन विभाग की टीम आरक्षित वन क्षेत्र Banswali C-12 में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोग तीन मोटरसाइकिलों पर खैर की लकड़ी की अवैध कटाई और ढुलाई करते हुए पाए गए।
वन विभाग की टीम को देखकर आरोपी मौके से भागने लगे। कार्रवाई के दौरान मौके से एक मोटरसाइकिल नंबर HP-17F-3916 और अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी बरामद की गई। जांच करने पर आरक्षित वन क्षेत्र में खैर के तीन पेड़ अवैध रूप से काटे जाने की पुष्टि हुई।
इसी दौरान एक पिकअप चालक नसीम निवासी मिस्सरवाला वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। वन विभाग के अनुसार अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी का अनुमानित बाजार मूल्य करीब ₹2,91,684 आंका गया है।
मामले में पुलिस थाना माजरा में लकड़ी तस्करों के खिलाफ धारा 303(2), 221, 3(5) BNS तथा धारा 26(1)(F) Indian Forest Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की पहचान व तलाश सहित अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
