पांवटा साहिब में SIU का बड़ा एक्शन: दो मामलों में 12.70 ग्राम चिट्टा बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में नशे के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई की। SIU की टीम ने अलग-अलग मामलों में 12.70 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सिरमौर पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 12.70 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई के दौरान SIU टीम ने सोहन लाल (30) पुत्र रमेश चंद, निवासी गांव फूलपुर, डाकघर शिवपुर, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 6.75 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद हुआ।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने 5.95 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद किया। इस मामले में दो आरोपियों कबीर सिंह (32) पुत्र रमेश चंद, निवासी गांव एवं डाकघर दुगाना, तहसील कमरऊ तथा विपिन शर्मा (33) पुत्र गुमान सिंह, निवासी गांव पाब, डाकघर शिल्ला, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों तक चिट्टा/स्मैक कहां से पहुंचा और क्या इसके पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क सक्रिय है।
सिरमौर पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। SIU की इस कार्रवाई को जिले में चिट्टे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से भी नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
