शिलाई में दर्दनाक हादसा: 35 वर्षीय टैक्सी चालक की मौत, गर्भवती पत्नी और मासूम बच्चे को छोड़ गया पीछे
जिस घर में 35 वर्षीय प्रदीप बीरसांटा के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां सुबह उनकी मौत की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। एक सड़क हादसे ने परिवार का सहारा छीन लिया—प्रदीप अपने पीछे गर्भवती पत्नी और मासूम बच्चे को छोड़ गए।
शिलाई (सिरमौर)। जिले के शिलाई उपमंडल के बांदली-ढाढस क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय टैक्सी चालक प्रदीप बीरसांटा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रदीप अपनी बोलेरो गाड़ी में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बांदली-ढाढस मार्ग पर उनका वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसा देर रात होने के कारण इसकी जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी। सुबह सड़क से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त बोलेरो को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
प्रदीप बीरसांटा पेशे से टैक्सी चालक थे और मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। महज 35 वर्ष की उम्र में उनके असमय निधन से ढाढस गांव सहित पूरे शिलाई क्षेत्र में शोक की लहर है।
सबसे मार्मिक बात यह है कि प्रदीप अपने पीछे एक मासूम बच्चे और गर्भवती पत्नी को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हादसे की उचित जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने दिवंगत प्रदीप की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
