चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: 500 फीट गहरे नाले में गिरी पिकअप, महिला की मौत
चंबा। चंबा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। गैहरा-पियुहरा मार्ग पर अचानक अनियंत्रित हुई पिकअप करीब 500 फीट गहरे नाले में जा गिरी, जिससे एक महिला की मौत हो गई।
हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद नाले से बाहर निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को एक पिकअप वाहन गैहरा से मरौर की ओर जा रहा था। इसी दौरान गैहरा-पियुहरा मार्ग पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे करीब 500 फीट गहरे नाले में जा गिरा। वाहन के नाले में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रूप से नाले में उतरकर वाहन में सवार लोगों को बाहर निकाला। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पिकअप दुर्घटना में एक महिला की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। वाहन अनियंत्रित क्यों हुआ और दुर्घटना के पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
