HPBOSE Result: छह अंक बढ़े तो बदल गई पूरी तस्वीर, ऊना की मुस्कान ठाकुर नौवें से पहुंचीं तीसरे स्थान पर
कांगड़ा/ऊना। छह अंक बढ़े और रैंकिंग में छह पायदान का जबरदस्त उछाल—हिमाचल बोर्ड की फाइनल मेरिट में ऊना की मुस्कान ठाकुर ने सबको चौंका दिया। पुनर्मूल्यांकन के बाद मुस्कान नौवें स्थान से सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं, जिससे 12वीं की मेरिट सूची में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने 12वीं कक्षा की फाइनल मेरिट सूची जारी कर दी है। पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के बाद जारी सूची में कई विद्यार्थियों की रैंकिंग बदली है और 20 नए विद्यार्थियों ने टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बनाई है। इसके साथ ही अब बोर्ड की टॉप-10 मेरिट सूची में कुल 95 विद्यार्थी शामिल हो गए हैं।
फाइनल मेरिट में सबसे बड़ा उछाल ऊना के पीएमश्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल धुंधला की छात्रा मुस्कान ठाकुर का रहा। पुनर्मूल्यांकन के बाद उनके अंकों में 6 अंकों की बढ़ोतरी हुई। इसका सीधा असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा और वह प्रोविजनल मेरिट में नौवें स्थान से छलांग लगाकर सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच गईं।
फाइनल सूची में 493 अंक हासिल करने वाली हमीरपुर की गौरी शर्मा समेत तीन अन्य विद्यार्थी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। यानी तीसरे रैंक पर अब कई विद्यार्थी बराबरी पर हैं।
बोर्ड की संशोधित मेरिट सूची में अलग-अलग रैंकों पर भी नए विद्यार्थियों की एंट्री हुई है। तीसरे रैंक पर दो, चौथे पर एक, सातवें पर एक, जबकि आठवें और नौवें रैंक पर दो-दो नए विद्यार्थी शामिल हुए हैं।
सबसे बड़ा बदलाव 10वें स्थान पर देखने को मिला, जहां 12 नए विद्यार्थियों ने फाइनल मेरिट सूची में जगह बनाई है। पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के बाद हुए इन बदलावों से प्रोविजनल मेरिट सूची की रैंकिंग पूरी तरह बदल गई है।
बोर्ड ने संशोधित मेरिट सूची की अधिसूचना जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि यह सूची पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के बाद तैयार की गई अंतिम सूची है। नई मेरिट जारी होने के बाद अब विद्यार्थियों के बीच रैंकिंग को लेकर भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
