मोबाइल गेम खेलने से रोका तो किशोर ने उठाया खौफनाक कदम, कमरे में फंदे से लटका मिला दसवीं का छात्र
कांगड़ा। मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर मां की डांट से नाराज एक 14 वर्षीय किशोर ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। कुछ देर पहले तक मोबाइल पर गेम खेल रहा दसवीं कक्षा का छात्र कमरे में गया और बाद में फंदे से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार, यह मामला हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के समीपवर्ती रक्कड़ क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि किशोर काफी देर से मोबाइल फोन पर गेम खेल रहा था। उसकी मां ने जब उसे गेम खेलने से रोका और मोबाइल अपने पास रख लिया, तो वह नाराज होकर अपने कमरे में चला गया।
कुछ समय बाद परिजनों ने जब कमरे में जाकर देखा तो किशोर दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। परिवार के सदस्यों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की मां ने पुलिस को दिए बयान में किसी भी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसपी आरपी जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट में है या खुद को नुकसान पहुंचाने के विचार आ रहे हैं, तो तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति से संपर्क करें और स्थानीय आपातकालीन/मानसिक स्वास्थ्य सहायता लें।
