पांवटा साहिब हत्याकांड: चार दिन के पुलिस रिमांड पर दोनों आरोपित, अब खुलेगा हत्या का असली राज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में सब्जी व्यापारी भाव सिंह हत्याकांड की जांच अब अहम मोड़ पर पहुंच गई है। अदालत ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह और वारदात से पहले हुए विवाद की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पांवटा साहिब में सब्जी व्यापारी भाव सिंह की हत्या के मामले में गिरफ्तार मोहम्मद आमिर और रेखा कुमारी को पुलिस ने बुधवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपितों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। रिमांड के दौरान पुलिस दोनों से घटना को लेकर गहन पूछताछ करेगी।
पुलिस जांच के अनुसार, वारदात से पहले पार्किंग में मोहम्मद आमिर, रेखा कुमारी और भाव सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान तेजधार हथियार से हमला किया गया, जिसमें भाव सिंह की मौत हो गई।
अब पुलिस का मुख्य फोकस इस बात पर है कि आखिर पार्किंग में विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और मामूली कहासुनी ने इतना गंभीर रूप कैसे ले लिया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपितों से घटनाक्रम की पूरी कड़ी जानने का प्रयास करेगी।
जांच के तहत पुलिस ने दोनों आरोपितों के रक्त के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि वारदात के समय आरोपितों ने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं।
मंगलवार देर शाम शिमला से फॉरेंसिक टीम भी पांवटा साहिब पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए रक्त के नमूने समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इन साक्ष्यों को वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं और दावे भी सामने आ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी भी सूचना या अफवाह पर भरोसा न करें और उसे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से आगे प्रसारित करने से बचें।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस हत्या के मोटिव को लेकर गहन जांच कर रही है। दोनों आरोपितों से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी और जांच के आधार पर हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाई जाएगी।
