नाहन कॉलेज के मुख्य द्वार पर ताला लगाने पर मामला दर्ज, ABVP से जुड़े 6 लोगों की संलिप्तता सामने आई
नाहन (सिरमौर)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर नारेबाजी करने का मामला पुलिस तक पहुंच गया है। तालाबंदी के कारण कॉलेज में विद्यार्थियों और शिक्षकों का आवागमन बाधित हुआ, जिसके बाद कार्यवाहक प्रधानाचार्य की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पुलिस थाना नाहन में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन के कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. देवराज शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई कि बुधवार सुबह करीब 10:38 बजे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से संबंधित छात्रों/व्यक्तियों ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। इसके बाद परिसर के भीतर नारेबाजी भी की गई।
शिकायत के अनुसार, मुख्य द्वार पर तालाबंदी होने के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों का आवागमन प्रभावित हुआ। इससे महाविद्यालय की सामान्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में भी बाधा उत्पन्न हुई।
पुलिस के अनुसार, मौके पर बातचीत के दौरान संबंधित व्यक्तियों ने बताया कि यह कार्यक्रम राज्यस्तरीय धरने के रूप में आयोजित किया गया था।
प्रारंभिक जांच में रमन (बीए तृतीय वर्ष), जानवी (गैर-छात्र), आयुष चौहान (बीए प्रथम वर्ष), राहुल (बीए प्रथम वर्ष), अरुण (बीए तृतीय वर्ष) और गौरव (गैर-छात्र) की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस थाना नाहन ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच की जा रही है।
