Home शिक्षा संगड़ाह के स्कूल में बड़ा हादसा: छत का प्लास्टर गिरने से चौथी कक्षा की छात्रा घायल, सिर में लगे 11 टांके

संगड़ाह के स्कूल में बड़ा हादसा: छत का प्लास्टर गिरने से चौथी कक्षा की छात्रा घायल, सिर में लगे 11 टांके

by Dainik Janvarta
0 comment

संगड़ाह की प्राथमिक पाठशाला में बड़ा हादसा, छत का प्लास्टर गिरने से चौथी कक्षा की छात्रा घायल; सिर में लगे 11 टांके

संगड़ाह (सिरमौर)। प्राथमिक पाठशाला लगनू में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा के पास अचानक छत का भारी प्लास्टर टूटकर नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से चौथी कक्षा की छात्रा काव्या के सिर में गंभीर चोट लगी और उसे 11 टांके लगाने पड़े।

प्रारंभिक शिक्षा खंड संगड़ाह के अंतर्गत आने वाली प्राथमिक पाठशाला लगनू में हुए इस हादसे के बाद स्कूल भवन की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। घायल छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर पर 11 टांके लगाए। गंभीर चोट को देखते हुए उसे जिला अस्पताल नाहन रेफर कर दिया गया।

स्कूल में कार्यरत एकमात्र अध्यापक मेलाराम शर्मा ने बताया कि वह मंगलवार को रोजाना की तरह बरामदे में चौथी कक्षा के विद्यार्थियों को पढ़ा रहे थे। इसी दौरान अचानक छत से प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। प्लास्टर की चपेट में आने से छात्रा काव्या के सिर में गहरी चोट लग गई।

हादसे के तुरंत बाद अध्यापक ने छात्रा को नजदीकी आयुर्वेदिक औषधालय पहुंचाया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद छात्रा के परिजनों को सूचना दी गई। छात्रा के पिता कपिल कंठ उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसके सिर में 11 टांके लगाए और बाद में जिला अस्पताल नाहन रेफर कर दिया।

अध्यापक मेलाराम शर्मा के अनुसार, जिस स्थान पर बच्चों को पढ़ाया जा रहा था, वहां छत से प्लास्टर गिरने का कोई स्पष्ट खतरा नजर नहीं आ रहा था। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान छत में अक्सर सीलन आ जाती है, लेकिन प्लास्टर अचानक इस तरह गिर जाएगा, इसका अंदाजा नहीं था।

जर्जर स्कूल भवनों को लेकर अभिभावकों में चिंता

घटना के बाद क्षेत्र में स्कूल भवनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों का कहना है कि क्षेत्र की कई प्राथमिक पाठशालाओं के भवनों की हालत चिंताजनक है। उनका कहना है कि यदि समय रहते भवनों का निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत नहीं करवाई गई तो भविष्य में इससे भी गंभीर हादसा हो सकता है।

हादसे के बाद कुछ अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और स्कूल भवन की स्थिति को लेकर विभाग से आवश्यक कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

विभाग ने मांगी हादसे की रिपोर्ट

खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पूर्ण चंद शर्मा ने बताया कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार स्कूल भवन में पहले इस तरह का कोई स्पष्ट खतरा सामने नहीं आया था। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी स्कूलों को निर्देश जारी किए गए थे कि यदि भवन में किसी प्रकार का खतरा नजर आए तो तत्काल विभाग को सूचित किया जाए और ऐसी स्थिति में वहां कक्षाएं न लगाई जाएं।

वहीं, शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी से मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.