राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मातर उफ़नती नदी से घिरा, विद्यार्थी और शिक्षक फंसे रहे
नाहन के मातर में भारी बारिश का कहर, उफनती नदी और तेज नाले के बीच स्कूल घिर गया। 52 बच्चे और 12 स्टाफ सदस्य परिसर में फंसे रहे, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन ने राहत एवं बचाव दल सक्रिय किए।
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले के नाहन क्षेत्र के मातर में मंगलवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मातर के चारों ओर पानी का तेज बहाव होने से स्कूल परिसर टापू में तब्दील हो गया है। स्कूल से बाहर निकलने वाले रास्ते पानी के तेज बहाव के कारण बंद हो गए।
स्कूल के सामने बहने वाली नदी उफान पर रही, जबकि दूसरी ओर जंगल की तरफ से आने वाला तेज पहाड़ी नाला भी विकराल रूप ले चुका था। दोनों तरफ से पानी का बहाव तेज होने के कारण स्कूल परिसर चारों ओर से घिर गया।
जानकारी के अनुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मातर में 31 विद्यार्थी और 10 स्टाफ सदस्य मौजूद हैं। वहीं, स्कूल के ऊपर स्थित प्राथमिक विद्यालय में 21 छोटे बच्चे और 2 स्टाफ सदस्य भी परिसर में फंसे रहे। दोनों स्कूलों में कुल 52 विद्यार्थी और 12 स्टाफ सदस्य मौजूद विद्यालय में फंसे रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन की ओर से जिला प्रशासन को तत्काल सूचना दी गई। इसके बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव व्यवस्था सक्रिय कर दी। विद्यार्थियों और स्टाफ को सुरक्षित निकालने के लिए स्थानीय प्रशासनिक टीमों के साथ NDRF की मदद भी ली गई।
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव दलों को मौके के लिए रवाना किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि बच्चों और स्टाफ सदस्यों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। NDRF और स्थानीय प्रशासनिक टीमों को तैनात किया गया है तथा सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए आवश्यक कदम तेजी से उठाए गए हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रहा।
