कालाअंब में जलभराव से बेहाल संपर्क मार्ग, दो फीट पानी में फंसी आवाजाही; एक साल बाद भी नहीं निकला समाधान
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में ईएसआईसी अस्पताल, उद्योगों और झिड़ीवाला गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर करीब दो फीट पानी जमा है और श्रीखाटूजी उद्योग के मुख्य द्वार से काफी आगे तक सड़क जलमग्न हो चुकी है। ऐसे में मरीजों, उद्योगों में आने-जाने वाले कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
हैरानी की बात यह है कि समस्या नई नहीं है। करीब एक साल पहले हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम और पुलिस विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर पानी की निकासी की योजना बनाने की बात कही थी। इसके बावजूद एक साल बीत जाने के बाद भी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
सड़क पर पानी जमा होने से ईएसआईसी अस्पताल तक पहुंचना भी चुनौती बन गया है। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र में आवाजाही प्रभावित होने से उद्यमियों और कामगारों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्थायी व्यवस्था होने तक कम से कम अस्थायी तौर पर पानी की निकासी कर मार्ग को आवाजाही के योग्य बनाया जाए।
35 लाख रुपये का तैयार हुआ प्राकलन
उधर, जिला उद्योग विभाग नाहन के महाप्रबंधक रचित शर्मा ने बताया कि मार्ग पर पानी की निकासी के उचित और स्थायी प्रबंध के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से 35 लाख रुपये का बजट प्राकलन तैयार किया गया है। इसे स्वीकृति के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही पानी निकासी का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
फिलहाल लोगों को उम्मीद है कि बारिश के बीच बढ़ती समस्या को देखते हुए संबंधित विभाग अस्थायी जल निकासी की व्यवस्था जल्द करेगा, ताकि अस्पताल, उद्योगों और गांव को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग सुचारू हो सके।
