पांवटा साहिब में युवक पर धारदार हथियार से हमला, छाती पर किया वार
किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद अचानक किया हमला
पांवटा साहिब के जम्बू खाला में दिनदहाड़े युवक पर धारदार हथियार से हमला, छाती पर वार से मचा हड़कंप।
कहासुनी के बाद अज्ञात व्यक्ति ने किया हमला, घायल युवक सिविल अस्पताल में उपचाराधीन; पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब उपमंडल के जम्बू खाला क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सामान लेने दुकान पर आया था युवक
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर को सुनील कुमार पुत्र सुशील कुमार, निवासी जामनीवाला, तहसील पांवटा साहिब, जम्बू खाला स्थित एक दुकान में सामान लेने आया हुआ था।
इसी दौरान दुकान के समीप ही उसकी एक अज्ञात व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
छाती पर धारदार हथियार से किया वार
बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने अचानक सुनील कुमार पर तेज धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने युवक की छाती पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
दुकानदार और स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद दुकानदार और आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
