नाहन के ज्वलंत मुद्दों को लेकर पहाड़ी शिवालिक जनकल्याण संघ ने DC से की मुलाकात, बाजार में दोपहिया वाहनों पर रोक की मांग
नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर की यातायात व्यवस्था से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक कई ज्वलंत मुद्दों को लेकर पहाड़ी शिवालिक जनकल्याण संघ ने जिला प्रशासन का ध्यान खींचा है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा से मुलाकात कर शहर की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए मांगपत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने नाहन के मुख्य बाजार में बिगड़ती यातायात व्यवस्था, युवाओं के लिए खेल मैदान की कमी, आवारा पशुओं की समस्या और मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ की कमी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
मुख्य बाजार में सुबह 8 से शाम 8 बजे तक दोपहिया वाहनों पर रोक की मांग
संगठन के अध्यक्ष योगी (योगेश) ठाकुर ने कहा कि नाहन का मुख्य बाजार संकरा होने के कारण यहां लगातार वाहनों का दबाव बना रहता है। बाजार में दोपहिया वाहनों की आवाजाही से पैदल चलने वाले लोगों और खरीदारी करने आने वाले लोगों को भी परेशानी होती है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक मुख्य बाजार क्षेत्र में दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। संगठन का कहना है कि इससे बाजार में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ पैदल राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
युवाओं के लिए चंबा मैदान 24 घंटे खोलने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने सेना, पुलिस और अन्य अर्धसैनिक बलों की भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं की समस्या भी DC के सामने रखी। संगठन के अनुसार, चौगान मैदान में वर्षभर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और सरकारी कार्यक्रम होते रहते हैं, जिसके चलते युवाओं को नियमित दौड़ और शारीरिक अभ्यास के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती।
संगठन ने मांग की कि चंबा मैदान को 24 घंटे युवाओं के अभ्यास के लिए उपलब्ध कराया जाए, ताकि भर्ती की तैयारी कर रहे स्थानीय अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सके।
आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान मांगा
नाहन शहर में बढ़ती बेसहारा एवं आवारा पशुओं की संख्या पर भी संगठन ने चिंता जताई। प्रतिनिधियों ने कहा कि सड़कों और गलियों में घूमने वाले मवेशियों के कारण राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है।
संगठन ने प्रशासन से लावारिस मवेशियों को उचित शेल्टर होम में पहुंचाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
मेडिकल कॉलेज में स्टाफ की कमी का मुद्दा भी उठाया
प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज नाहन में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। संगठन का कहना है कि मेडिकल कॉलेज क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान है, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
पहाड़ी शिवालिक जनकल्याण संघ ने जिला प्रशासन से इन सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है।
