चंबा के चुराह में पाकिस्तानी झंडा और 30 से ज्यादा गुब्बारे मिलने से हड़कंप
चंबा के चुराह में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों को पेड़ से टकराए गुब्बारों के साथ पाकिस्तानी झंडा नजर आया।
30 से अधिक गुब्बारों पर कथित तौर पर ‘दिल दिल पाकिस्तान’ लिखा था, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरा सामान कब्जे में ले लिया।
चंबा। जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र में संदिग्ध पाकिस्तानी झंडा और 30 से अधिक गुब्बारे मिलने का मामला सामने आया है। घटना तीसा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हिमगिरी के शुरनाला की बताई जा रही है। संदिग्ध झंडा और गुब्बारे दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
ग्रामीणों के अनुसार, गुब्बारों पर ‘दिल दिल पाकिस्तान’ लिखा हुआ था। बताया जा रहा है कि गुब्बारे पेड़ से टकराने के कारण कई फट गए थे, जबकि कुछ गुब्बारे सुरक्षित हालत में मिले। झंडा भी मौके पर बरामद हुआ।
पुलिस ने सामान कब्जे में लिया
सूचना मिलने के बाद तीसा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और झंडे व गुब्बारों सहित वहां मिले अन्य सामान को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बरामद सामग्री की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह सामान कहां से आया और किस परिस्थिति में यहां पहुंचा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर गई थी और गुब्बारों को कब्जे में लिया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि पाकिस्तानी झंडा और गुब्बारे यहां किस तरह पहुंचे। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भी चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है।
