रामपुर में चिट्टे की बड़ी बरामदगी, वाहन के फुट मैट के नीचे छिपा रखा था नशा; चार गिरफ्तार
रामपुर में पुलिस की जांच के दौरान ऐसा खुलासा हुआ, जिसने चार युवकों को सीधे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। वाहन के फुट मैट के नीचे छिपाकर रखा गया 7 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शिमला। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया है और अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को पुलिस थाना रामपुर की टीम दत्तनगर स्थित मिल्क प्लांट के पास गश्त और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन के फुट मैट के नीचे छिपाकर रखा 7 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ।
मौके पर मौजूद चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय अक्षय पुत्र तिलक राज निवासी रामपुर, जिला शिमला, 32 वर्षीय पवन पुत्र दिल बहादुर निवासी रामपुर, 40 वर्षीय सुनील ठाकुर पुत्र हेम सिंह निवासी जोगिंदरनगर, जिला मंडी और 32 वर्षीय बिपुल शर्मा पुत्र भुवनेश्वर दत्त निवासी रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद हेरोइन और वाहन को कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस जांच में अब नशे की सप्लाई लाइन और इसके संभावित नेटवर्क का पता लगाने पर फोकस रहेगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था।
