गोशाला में लगी भीषण आग, जिंदा जले गाय और बछड़ा; पशुपालक को ₹1.15 लाख का नुकसान
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर के दिघाली गांव में 15 अगस्त की रात एक गोशाला में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि एक गाय और बछड़ा जिंदा जल गए, जबकि एक अन्य गाय बुरी तरह झुलस गई।
घटना पटवार सर्कल राजपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत राजपुर के दिघाली गांव की है। यहां पशुपालक कल्याण सिंह की गोशाला में अज्ञात कारणों से आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गोशाला के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से चिंगारी गिरने के कारण आग भड़की हो सकती है।
आग की चपेट में आने से एक गाय और एक बछड़े की जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य गाय झुलस गई। हादसे में पशुधन के रूप में करीब 1.15 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। मृत गाय की कीमत करीब 40 हजार, बछड़े की करीब 30 हजार और झुलसी गाय की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पशुपालक कल्याण सिंह ने संबंधित विभाग को सूचना दी। उन्होंने सरकार से उचित मुआवजा देने के साथ ही आग लगने के कारणों की जांच की मांग की है।
घटना की पुष्टि करते हुए पटवार सर्कल राजपुर के पटवारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मौके की रिपोर्ट और फौरी राहत संबंधी रिपोर्ट तैयार कर तहसील कार्यालय को भेज दी गई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
