नाहन केंद्रीय कारागार में विचाराधीन बंदियों के दो गुट भिड़े, मारपीट में कई घायल
नाहन (सिरमौर)। मॉडल केंद्रीय कारागार नाहन में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ब्लॉक-ए में विचाराधीन बंदियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। बंदियों की संख्या अधिक होने के कारण ड्यूटी पर तैनात वार्डरों के लिए शुरुआती दौर में स्थिति संभालना मुश्किल हो गया।
मामले में उप अधीक्षक, मॉडल केंद्रीय कारागार नाहन सीता राम की शिकायत के आधार पर 15 अगस्त 2026 को थाना सदर नाहन में अभियोग दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार, 15 अगस्त की शाम कारागार के ब्लॉक-ए में दो गुटों के विचाराधीन बंदियों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट शुरू हो गई। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात वार्डरों ने तत्काल हस्तक्षेप कर झगड़ा रोकने का प्रयास किया, लेकिन बंदियों की अधिक संख्या के कारण स्थिति तुरंत नियंत्रण में नहीं आ सकी।
स्थिति बिगड़ती देख अन्य वार्डर, हेड वार्डर और कारागार अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद आवश्यक प्रयास करते हुए बंदियों के बीच हो रही मारपीट को रुकवाया गया और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
मारपीट की इस घटना में कुछ विचाराधीन बंदियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सदर नाहन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच की जा रही है। मारपीट की वास्तविक वजह और घटना में शामिल बंदियों की भूमिका को लेकर जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
