पांवटा साहिब में बस की जोरदार टक्कर, अज्ञात व्यक्ति गंभीर घायल; PGI चंडीगढ़ रैफर
पांवटा साहिब में सड़क पार करते समय एक अज्ञात व्यक्ति को CTU बस ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल की पहचान नहीं हो सकी और नाजुक हालत में उसे PGI चंडीगढ़ रैफर किया गया।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में विश्वकर्मा चौक के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहां सड़क पार कर रहे एक अज्ञात व्यक्ति को चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) की बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा करीब शाम 4 बजे हुआ, जिसमें व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस और बस परिचालक की मदद से घायल को उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान घायल के पास से कोई पहचान पत्र, दस्तावेज या मोबाइल फोन नहीं मिला। इसके चलते उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
पांवटा साहिब अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन रैफर किया गया। नाहन में चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए घायल को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से घायल व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घायल व्यक्ति की पहचान होने के बाद मामले में आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें :.रेणुका जी में भीषण सड़क हादसा! कार से टकराई बाइक, महिला समेत 3 घायल
Also Read : चंडीगढ़ में हिमाचल के आढ़ती की चाकू मारकर हत्या, सब्जी बेचने गया था मंडी; पार्किंग विवाद में खूनी खेल
