नाहन में एक सप्ताह में दूसरा मामला: 28 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, आत्महत्या की आशंका
नाहन में एक सप्ताह के भीतर युवती की संदिग्ध मौत का दूसरा मामला सामने आने से क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। 28 वर्षीय युवती की मौत को लेकर परिजनों ने मनमुटाव के चलते आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में सदर नाहन थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव जरजा निवासी 28 वर्षीय कुंजन शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन युवती को उपचार के लिए डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एवं फोटोग्राफ जुटाए। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती ने कथित तौर पर मनमुटाव के चलते घर में आत्महत्या की। हालांकि, पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई शुरू करते हुए मामले की जांच जारी रखी है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर नाहन क्षेत्र में युवती की संदिग्ध मौत का यह दूसरा मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें : नाहन में HRTC बस से बाइक की जोरदार टक्कर, 25 साल के युवक की मौके पर मौत; हादसा सीसीटीवी में कैद
ये भी पढ़ें : नाहन से युवती लापता, घर छोड़ने से पहले Video में लगाए गंभीर आरोप; पुलिस ने दर्ज किया केस
