


नाहन में कॉलेज से घर लौट रहे युवक की कार रोककर मारपीट, लोहे की रॉड-पत्थरों से हमला
नाहन (सिरमौर)। कॉलेज से घर लौट रहे एक युवक की कार रास्ते में रोककर कुछ युवकों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड, डंडों, मुक्कों और पत्थरों से हमला किया तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को पुलिस थाना नाहन में अमन सोढी पुत्र पवन कुमार, निवासी वाल्मीकि बस्ती, नाहन ने शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह दोपहर के समय कॉलेज से अपनी कार में घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उसकी कार को रोक लिया।
कार रोकने के बाद युवकों के साथ उसकी कहासुनी हुई, जिसके बाद एक समूह ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने लोहे की रॉड, डंडे, मुक्कों, कड़े और पत्थरों आदि से उस पर हमला किया, जिससे उसे काफी चोटें आईं।
शिकायतकर्ता ने कुछ आरोपियों की पहचान मावी (अंकित), भास्कर गुर्जर और हर्ष के रूप में की है। इसके अलावा करीब 7-8 अन्य युवकों के भी मौके पर मौजूद होने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
