


Himachal: CM सुक्खू ने 4,967 लाभार्थियों को बांटे 20.61 करोड़, 80 करोड़ की संपत्ति दान करने वाले डॉ. राजेंद्र कंवर सम्मानित
हमीरपुर के बड़सर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 4,967 लाभार्थियों को 20.61 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक मदद जारी की। वहीं, 80 करोड़ रुपये से अधिक की अपनी चल-अचल संपत्ति मेडिकल कॉलेज को दान करने वाले 77 वर्षीय डॉ. राजेंद्र कंवर को सम्मानित कर मुख्यमंत्री ने उनके सेवा भाव की सराहना की।
हमीरपुर। 80वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर बड़सर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान की। कुल 4,967 लाभार्थियों को 20.61 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता जारी की गई।
विवाह सहायता योजना के तहत 1,758 लाभार्थियों को 8.98 करोड़ रुपये तथा शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 2,788 लाभार्थियों को 7.89 करोड़ रुपये प्रदान किए गए। इसके अलावा 17 लाभार्थियों को चिकित्सा सहायता के रूप में 3.54 लाख रुपये दिए गए।
मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के तहत 60 लाभार्थियों को 1.49 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिली। वहीं, मातृत्व एवं पितृत्व सहायता योजना के तहत 109 लाभार्थियों को 38.02 लाख रुपये प्रदान किए गए।
आवास निर्माण के लिए 68 लाभार्थियों को 89.77 लाख रुपये, दिव्यांग सहायता योजना के तहत 63 लाभार्थियों को 12 लाख रुपये तथा 61 एकल, परित्यक्त एवं दिव्यांग महिलाओं को 61 लाख रुपये की सहायता दी गई। शिशु जन्म उपहार योजना के तहत 39 लाभार्थियों को 19.89 लाख रुपये प्रदान किए गए।
80 करोड़ से अधिक की संपत्ति मेडिकल कॉलेज को दान
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए 77 वर्षीय सेवानिवृत्त वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कंवर को सम्मानित किया। डॉ. कंवर ने अपनी 80 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की पूरी चल एवं अचल संपत्ति डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हमीरपुर को दान कर दी है।
मुख्यमंत्री ने डॉ. कंवर के इस निर्णय की प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक प्रतिबद्धता और मानव सेवा की प्रेरणादायक मिसाल बताया।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन भी सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया। इस दौरान ‘वो रुका नहीं’ गीत का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए और समारोह में उनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की।
