


चंडीगढ़ में हिमाचल के आढ़ती की चाकू मारकर हत्या, सब्जी बेचने पहुंचा था सेक्टर-26 मंडी
चंडीगढ़ की सेक्टर-26 सब्जी मंडी में हिमाचल के 43 वर्षीय आढ़ती देशराज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
गाड़ी की पार्किंग हटाने को लेकर हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया, गर्दन पर चाकू लगने से देशराज की मौत हो गई।
ऊना। स्वतंत्रता दिवस के दिन ऊना के एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब रोजी-रोटी के लिए चंडीगढ़ गए 43 वर्षीय देशराज की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। देशराज हिमाचल से छोटी पिकअप में सब्जियां लेकर चंडीगढ़ की सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी पहुंचे थे। यहां पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे देशराज मंडी में मौजूद थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश निवासी आढ़ती विनोद अपने बेटों के साथ वहां पहुंचा। गाड़ी हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
हाथापाई के दौरान चाकू से हमला
आरोप है कि विवाद के बीच विनोद और उसके बेटों ने चाकू निकालकर देशराज पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी गर्दन पर चाकू लग गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गर्दन से अधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
घटना के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल देशराज को बाद में पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मंडी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वारदात के पूरे घटनाक्रम और आरोपियों के भागने की दिशा का पता लगाया जा सके।
आरोपी पिता-पुत्रों की तलाश
पुलिस मुख्य आरोपी विनोद और उसके बेटों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विवाद किस बात को लेकर बढ़ा और हत्या की वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे।
परिवार में पसरा मातम
देशराज चंडीगढ़ में सब्जी का कारोबार कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। रोजी-रोटी के सिलसिले में मंडी पहुंचे देशराज की विवाद के बाद हुई मौत से ऊना स्थित उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। एक मामूली विवाद का इतना खौफनाक अंजाम होगा, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी।
