


पांवटा साहिब के बहराल में जंगली हाथी की दस्तक, ट्यूबवेल और फार्म हाउस की दीवार तोड़ी
पांवटा साहिब के बहराल में जंगली हाथी की दस्तक से लोगों में दहशत फैल गई है। हाथी ने एक निजी ट्यूबवेल और फार्म हाउस की दीवार को नुकसान पहुंचाया, जिसके बाद वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। बहराल बीट क्षेत्र में शुक्रवार को जंगली हाथी की मौजूदगी से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। मौके पर हाथी के पैरों के निशान मिलने से क्षेत्र में उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई।
वन विभाग के निरीक्षण के दौरान सामने आया कि जंगली हाथी ने स्थानीय निवासी जसवीर सिंह के निजी ट्यूबवेल को क्षतिग्रस्त किया है। इसके अलावा पांवटा साहिब निवासी सागर भल्ला के फार्म हाउस की दीवार भी हाथी ने तोड़ दी।
मौके पर मिले पैरों के निशानों के आधार पर वन विभाग का प्रारंभिक अनुमान है कि क्षेत्र में फिलहाल एक ही जंगली हाथी मौजूद है। एक से अधिक हाथियों की मौजूदगी के प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि, विभाग की टीम लगातार क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है।
वन विभाग ने बहराल और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने अपील की है कि रात के समय सुनसान इलाकों में जाने से बचें और यदि जंगली हाथी दिखाई दे तो उसके करीब जाने या उसे छेड़ने की कोशिश न करें। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है।
वन विभाग की टीम ने मौके पर हुए नुकसान और हाथी के पैरों के निशानों की तस्वीरें भी रिपोर्ट के साथ दर्ज की हैं। क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों पर विभाग की निगरानी लगातार जारी है।
