


पाब पानी में फिर मलबे की चपेट में संगड़ाह-रेणुका जी मार्ग, अढ़ाई घंटे फंसे रहे दर्जनों वाहन
हल्की बारिश हुई और पाब पानी के समीप सड़क पर मलबा आ गया—देखते ही देखते संगड़ाह-रेणुका जी मार्ग पर यातायात थम गया। करीब अढ़ाई घंटे तक दर्जनों वाहन फंसे रहे, जिनमें दो निजी बसें और एक सरकारी बस भी शामिल थी।
संगड़ाह (सिरमौर)। क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुई बारिश के बाद संगड़ाह-रेणुका जी मुख्य मार्ग पाब पानी के समीप एक बार फिर मलबे के कारण अवरुद्ध हो गया। वालिया माइन की ओर से आने वाला मलबा सड़क पर फैलने से मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। इस दौरान स्कूली छात्रों समेत बसों और निजी वाहनों में सफर कर रहे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
मार्ग बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर दर्जनों वाहन फंस गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाब पानी के समीप यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और बारिश के दौरान हल्की बारिश होने पर भी मलबा सड़क पर आ जाता है। इसके चलते क्षेत्रवासियों को बार-बार यातायात बाधित होने के साथ जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार माइन से आने वाले मलबे की चपेट में आने से अब तक तीन कारें भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। बार-बार सामने आ रही इस समस्या के बावजूद स्थायी समाधान न होने से लोगों में संबंधित विभाग और प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
संगड़ाह-रेणुका जी मार्ग क्षेत्र की आवाजाही के साथ पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति और बार-बार मार्ग बंद होने से क्षेत्र के पर्यटन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने पाब पानी के समीप मलबे की समस्या का स्थायी समाधान करने और मलबा सड़क पर आने के कारणों की जांच कर संबंधित खनन व्यवसायी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता खजान सिंह ने बताया कि बरसात के बाद इस स्थान पर स्लैब कलवर्ट लगाने के लिए टेंडर लगाया जाएगा। इससे मलबे और पानी के कारण बार-बार होने वाली यातायात बाधा का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
