

स्वतंत्रता दिवस 2026: बड़सर में सीएम सुक्खू ने फहराया तिरंगा, गद्दी नृत्य ने मोहा मन

हिमाचल में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न धूमधाम से मनाया गया। बड़सर में राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने तिरंगा फहराकर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
हमीरपुर। हमीरपुर के बड़सर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने सुबह करीब 11:02 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्चपास्ट की सलामी ली। समारोह में पुलिस, होमगार्ड, हरियाणा पुलिस तथा विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों की 12 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया।
हिमाचल प्रदेश पुलिस की छठी भारतीय रिजर्व बटालियन धौलाकुआं, तृतीय आईआरबी पंडोह, द्वितीय आईआरबी महिला सकोह, हमीरपुर जिला पुलिस, सेंट्रल रेंज मंडी की यातायात पुलिस और महिला एवं पुरुष होमगार्ड की टुकड़ियां मार्चपास्ट में शामिल रहीं। वहीं, हिमाचल पुलिस की उत्तरी रेंज की विशेष सुरक्षा इकाई ने वीआईपी सुरक्षा पर विशेष प्रदर्शन भी किया।
मार्चपास्ट के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के नाम संदेश दिया। समारोह में विभिन्न जिलों और बड़सर क्षेत्र के स्कूलों के सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति एवं लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां देकर माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया और भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की लाभार्थी महिलाओं को चेक वितरित किए।
गद्दी नृत्य बना समारोह का खास आकर्षण
राज्य स्तरीय समारोह में इस बार कांगड़ा का पारंपरिक गद्दी नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जिला भाषा एवं संस्कृति विभाग की पहल पर कांगड़ा के कलाकारों ने पारंपरिक गद्दी वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत कर हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की।
उधर, प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। जिला स्तर के कार्यक्रमों में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बिलासपुर में समारोह की अध्यक्षता की। इन कार्यक्रमों में भी तिरंगा फहराने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान किया गया।
