

पांवटा की फैक्ट्री पर मजदूर की मौत के बाद गंभीर आरोप, अस्पताल पहुंचाने के बजाय घर छोड़ने का दावा

पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के बेहड़ेवाला में एक निजी फैक्ट्री में मजदूर की तबीयत बिगड़ने के बाद कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि कई घंटे से बीमार मजदूर को अस्पताल पहुंचाने के बजाय कंपनी के कर्मचारी उसे घर छोड़कर चले गए, जिसके कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान रेशम सिंह के रूप में हुई है, जो ब्राजा टायर कंपनी में काम करते थे। मृतक की बहू निशा के अनुसार, वीरवार शाम करीब 5 बजे कंपनी के तीन कर्मचारी रेशम सिंह को उनके घर छोड़कर गए। परिजनों को बताया गया कि रेशम सिंह की तबीयत सुबह करीब 10 बजे से ही खराब थी और उन्हें कंपनी परिसर में आराम करने के लिए बैठाया गया था।
परिजनों का कहना है कि यदि तबीयत बिगड़ने के बाद रेशम सिंह को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जाता और तत्काल चिकित्सा सहायता मिलती, तो संभव है कि उनकी जान बचाई जा सकती थी। परिवार ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर लापरवाही बताते हुए कंपनी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
घटना के बाद बेहड़ेवाला गांव के लोगों में भी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मजदूर की तबीयत सुबह से खराब थी, तो कंपनी प्रबंधन की जिम्मेदारी थी कि उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया जाता और उसके परिवार को इसकी सूचना दी जाती। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद रेशम सिंह के इलाज के लिए 108 एंबुलेंस की मदद ली गई, लेकिन उपचार मिल पाता, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
वहीं, मामले में कंपनी प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्रबंधन की ओर से कोई जवाब सामने नहीं आया था।
परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
