पांवटा साहिब: रास्ता रोककर युवक से मारपीट, पत्थर से मुंह पर किया वार; जान से मारने की धमकी
पांवटा साहिब। रास्ता रोककर हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने पत्थर से वार कर युवक को घायल कर दिया और बाद में जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस थाना माजरा में कृष्ण चंद पुत्र जग्गी राम, निवासी गांव भारापुर, डाकघर धौलाकुआं, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार 13 अगस्त 2026 की शाम देव राज पुत्र संतराम, निवासी गांव भारापुर बंजारण ने रामपुर भारापुर में रास्ता रोककर उसके साथ लड़ाई-झगड़ा किया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मारपीट के दौरान देव राज ने हाथ में पत्थर लेकर उसके मुंह पर वार किया, जिससे उसे काफी चोटें आईं। इसके साथ ही आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगामी अन्वेषण जारी है।
