नाहन में हंगामा करने पर पर्यटक पर 5 हजार जुर्माना, ड्रंक ड्राइविंग केस कोर्ट भेजा
नशे में सार्वजनिक जगह पर हंगामा करना हरियाणा के एक पर्यटक को महंगा पड़ गया।
पुलिस ने 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ड्रंक ड्राइविंग का केस कोर्ट भेज दिया, जबकि लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश भी की गई है।
नाहन (सिरमौर)। नाहन के महलात की घाटी में शराब के नशे में कथित तौर पर हंगामा करने के मामले में पुलिस ने हरियाणा के एक पर्यटक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश पुलिस एक्ट के तहत 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं, शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत चालान कर मामला अदालत भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना 12 अगस्त की शाम करीब 7 बजे की है। महलात की घाटी में एक व्यक्ति के नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने की सूचना मिली थी। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोका तो वह कथित तौर पर बहसबाजी और हंगामा करने लगा।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के मुताबिक, मौके पर एक व्यक्ति नशे की हालत में हुड़दंग करता मिला। उसे पुलिस चौकी ले जाकर मेडिकल जांच करवाई गई, जहां चिकित्सक ने उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि की।
पुलिस ने आरोपी की पहचान रजत जांगरा (32), पुत्र नेपाल सिंह, निवासी कुरुक्षेत्र, हरियाणा के रूप में की है।
ड्रंक ड्राइविंग का मामला कोर्ट भेजा
पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत चालान किया है। यह मामला अदालत के अधिकार क्षेत्र में आने के कारण चालान न्यायालय भेज दिया गया है। अब अदालत मामले के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगी।
पुलिस के अनुसार, इस धारा के तहत मामले में न्यूनतम 15 हजार रुपये के जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश भी की है।
पुलिस से अभद्र व्यवहार का भी आरोप
पुलिस के मुताबिक, घटनाक्रम के दौरान नशे में धुत युवकों पर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की करने के भी आरोप हैं। इससे मौके पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने मौके पर संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और संबंधित लोगों को चौकी ले गई। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई।
