Sirmaur: IIM सिरमौर के प्रशासनिक अधिकारी पर FIR, दो पूर्व महिला सुरक्षा गार्डों ने लगाए गंभीर आरोप
नौकरी जाने के डर से जिन आरोपों पर महिलाएं पहले चुप रहीं, वही मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। IIM सिरमौर के एक प्रशासनिक अधिकारी पर दो पूर्व महिला सुरक्षा गार्डों ने मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना और अनुचित व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
नाहन (सिरमौर)। आईआईएम सिरमौर के एक प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ दो पूर्व महिला सुरक्षा गार्डों की शिकायत पर माजरा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। महिलाओं ने अधिकारी पर नौकरी के दौरान कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने, दोबारा नौकरी दिलाने के नाम पर उनकी मजबूरी का फायदा उठाने और अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, दोनों महिलाएं पहले आईआईएम सिरमौर में सुरक्षा गार्ड के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। उनका आरोप है कि नौकरी के दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उन्हें कथित रूप से मानसिक और शारीरिक तौर पर परेशान करता था। महिलाओं का कहना है कि नौकरी जाने के डर से उन्होंने उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की।
महिलाओं के मुताबिक, नौकरी समाप्त होने के बाद उन्होंने दोबारा रोजगार के लिए अधिकारी से संपर्क किया। आरोप है कि इस दौरान उनसे 25-25 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि नौकरी दिलाने के नाम पर अधिकारी ने उन पर कथित तौर पर अनुचित शर्तें रखने और उसके व्यवहार का विरोध नहीं करने का दबाव बनाया।
एक शिकायतकर्ता ने अधिकारी पर जातिसूचक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया है। वहीं, दोनों महिलाओं ने अधिकारी पर उनके चरित्र को लेकर कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे उनकी गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंची।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 और 352 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, संबंधित परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना माजरा में शिकायत के आधार पर प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
